जयपुर , मई 01 -- राजस्थान में अगले वर्ष मार्च में तीसरे एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया जायेगा।
विश्व पैरा थ्रोबॉल महासंघ (डब्ल्यूपीटीएफ) ने शुक्रवार को यहां आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में यह घोषणा की। महासंघ की अध्यक्ष निर्मला रावत ने बताया कि राजस्थान के झुंझुनूं जिले के पचेड़ी बाड़ी में स्थित सिंघानिया विश्वविद्यालय की मेजबानी में पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (पीटीएफआई) को यह जिम्मेदारी सौंपी गई हैं और इसके आयोजन स्थल के रुप में विश्वविद्यालय परिसर को चुना गया है।
उन्होंने बताया कि अगले वर्ष मार्च में होने वाली इस चैम्पियनशिप की तारीखों की घोषणा बाद में की जायेगी। उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक साझेदारी को औपचारिक रूप देने के लिए शुक्रवार को जयपुर में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू ) हस्ताक्षर समारोह आयोजित किया गया। एमओयू पर श्रीमती निर्मला रावत, डब्ल्यूपीटीएफ के महासचिव डॉ. वी. अल्बर्ट प्रेमकुमार तथा विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार आदि ने हस्ताक्षर किए।
डॉ कुमार ने बताया कि सिंघानिया विश्वविद्यालय ने इससे पहले गत फरवरी में राष्ट्रीय पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप की सफल मेजबानी की थी। उन्होंने बताया कि तीसरी एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप-2027 में भारत, कंबोडिया, मलेशिया, थाईलैंड, इंडोनेशिया, श्रीलंका, बंगलादेश, मालदीव, नेपाल, भूटान, यूएई, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, जापान और फिलिपींस सहित 21 देशों के भाग लेने की संभावना है।
श्रीमती रावत ने कहा कि डब्ल्यूपीटीएफ और पीटीएफआई पैरा-एथलेटिक्स में समावेशिता और उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं और तीसरी एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप पूरे महाद्वीप के एथलीटों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगी। उन्होंने कहा कि इसके राजस्थान में आयोजन से राजस्थान एवं अपने देश का नाम रोशन होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित