श्रीगंगानगर , दिसम्बर 27 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में सिख इतिहास के महान शहीदों, गुरु गोबिंद सिंह के चार साहिबजादों की याद में शनिवार को राजकीय चिकित्सालय में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल साहिबजादों की शहादत को याद करना था, बल्कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को सहायता प्रदान करके मानव सेवा की भावना को मजबूत करना भी था। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह आठ बजे पवित्र अरदास के साथ हुई, जिसमें अस्पताल के कर्मचारी, सेवादार और स्थानीय समुदाय के लोग शामिल हुए। अरदास के माध्यम से साहिबजादों की बहादुरी और बलिदान की स्मृति में प्रार्थना की गयी।

इसके उपरांत गरम दूध की सेवा शुरू की गयी। पूर्वाह्न 11 बजे से मां अन्नपूर्णा रसोई में गुरु का अटूट लंगर का वितरण प्रारंभ हुआ, जिसमें स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन तैयार किया गया था। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) डॉ सुखपाल सिंह बराड़ उपस्थित थे। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल धार्मिक महत्व रखते हैं, बल्कि स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों की सेवा भावना को भी प्रेरित करते हैं। उनके साथ उप नियंत्रक ज्योत्सना चौधरी, नर्सिंग अधीक्षक किशोर विनायक और सुखमहेंद्र सिंह बराड़ ने भी शिरकत की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित