रांची , मार्च 19 -- झारखण्ड के साहिबगंज जिले के बरहरवा प्रखंड में एसीबी की टीम ने 40 हजार रुपये रिश्वत लेते प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी नंदन कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

आधिकारिक सूत्रों ने आज बताया कि बरहरवा प्रखंड के डीलरों से प्रत्येक माह 5 हजार रुपये की अवैध वसूली की जा रही थी। इसको लेकर डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष आलमगीर आलम ने दुमका एसीबी से शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि एमओ नंदन कुमार सभी डीलरों पर पैसे जमा करने का दबाव बना रहे थे, जिससे डीलरों में काफी नाराजगी थी।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने पूरी प्लानिंग की। तय योजना के मुताबिक आलमगीर आलम को 40 हजार रुपये देकर एमओ के पास भेजा गया। जैसे ही उन्होंने पैसे सौंपे, पहले से घात लगाए एसीबी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और नंदन कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। इस दौरान टीम के सदस्य सादे लिबास में मौजूद थे।

फिलहाल एसीबी की टीम ने आरोपी को दबोचने के बाद दुमका दफ्तर ले गई है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। वहीं, एसीबी की इस कार्रवाई से स्थानीय डीलर और आम लोग काफी खुश हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित