पटना , दिसंबर 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने शनिवार को कहा कि गुरु गोबिंद सिंह साहस, सेवा, शौर्य और समर्पण के प्रतीक थे।

श्री यादव ने आज श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के 359वें प्रकाशोत्सव पर उनके दरबार में मत्था टेका। इस मौके पर श्री यादव ने कहा कि यह उनके लिये सौभाग्य की बात है कि उनका जन्म गुरु की नगरी में हुआ और एक जनप्रतिनिधि के रूप में लंबे समय तक पटना साहिब की सेवा करने का मौका मिला।

श्री यादव ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह की जन्मस्थली पटना साहिब प्रकाशोत्सव पर आनंद विभोर है। शबद कीर्तन और गुरुवाणी की गूंज से पटना साहिब की सड़कें और गलियां पुनीत और पावन हो चुकीं हैं। उन्होंने कहा कि गुरु की जन्मस्थली पर आकर देश-दुनिया के श्रद्धालु निहाल हैं। प्रकाशोत्सव को भव्य और दिव्य बनाने के लिए सरकार की ओर से भी पुरजोर तैयारी की गयी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार , पर्यटन मंत्री, स्थानीय विधायक और प्रशासन ने शुरू से ही हर एक चीज पर अपनी नज़र रखी है। आगंतुक श्रद्धालुओं की सुविधाओं में कहीं कोई कमी नहीं रही है।

श्री यादव ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज साहस, सेवा, शौर्य और समर्पण के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि आज की नयी पीढ़ी को उनके जीवन दर्शन से प्रेरणा लेने की जरूरत है। उनके व्यक्तित्व में शौर्य और करुणा का अद्भुत समावेश था।अन्याय और दमन के विरुद्ध चेतना जागृत करनेवाले, खालसा पंथ के संस्थापक, साहिब-ए-कमाल गुरु गोबिंद सिंह जी जी को कोटि-कोटि नमन और देश-प्रदेश के लोगों को प्रकाशोत्सव की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित