जशपुर , अप्रैल 19 -- छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले के कोतबा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फरसाटोली में एक पारिवारिक विवाद में साले और भाभी ने मिलकर जीजा की पीट कर हत्या कर दी है।

पुलिस ने आज यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छोटे साले और भाभी ने मिलकर जीजा की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार मृतक मुरली राम यादव (40) का विवाह सोनिया यादव से हुआ था और उनका एक बेटा भी है। 30 मार्च को बेटे के जन्मदिन के अवसर पर घर में कार्यक्रम रखा गया था। कार्यक्रम के बाद मृतक की पत्नी अपने मायके में मिठाई देने गई हुई थी। इसी दौरान देर रात करीब 11 बजे मृतक शराब के नशे में अपनी पत्नी के मायके पहुंचा, जहां उसका अपने छोटे साले शिवकुमार यादव (35) और बड़े साले की पत्नी मिथिला यादव (37) से विवाद हो गया।

पुरानी रंजिश के चलते विवाद बढ़ गया और दोनों आरोपियों ने मिलकर मुरली राम यादव को जमीन पर पटक दिया और उसके सीने और पेट पर लात-मुक्कों से हमला किया, वहीं मिथिला यादव ने डंडे से भी मारपीट की। अगले दिन तबीयत बिगड़ने पर मुरली को सीएचसी कोतबा ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में ओडिशा के सुंदरगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

इलाज के दौरान चार अप्रैल को उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सीने में गंभीर चोट होना पाया गया।

मामले में थाना प्रभारी अशोक शर्मा ने बताया कि इस संबंध में चौकी कोतबा, थाना बागबहार में बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा भी जब्त कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित