नयी दिल्ली , फरवरी 02 -- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रम यंत्र इंडिया लिमिटेड (वाईआईएल) को 'मिनीरत्न' श्रेणी-I का दर्जा देने की सोमवार को मंजूरी दे दी। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि रक्षा मंत्री ने इस रक्षा उपक्रम को मात्र चार वर्षों के कम समय में सरकारी संगठन से लाभ कमाने वाली कंपनी बनने पर बधाई दी। उन्होंने कंपनी के कारोबार को बढ़ाने, स्वदेशीकरण को अधिकतम करने और मिनीरत्न (श्रेणी-I) का दर्जा प्राप्त करने की दिशा में प्रबंधन के काम की भी सराहना की। वाईआईएल ने स्थापना के बाद से कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां अर्जित की हैं जिनमें 2021-22 (दूसरी छमाही) में 956.32 करोड़ रुपये की बिक्री से वित्त वर्ष 2024-25 में 3,108.79 करोड़ रुपये तक की उल्लेखनीय वृद्धि शामिल है। निर्यात के मोर्चे पर इसने वित्त वर्ष 2021-22 (दूसरी छमाही) में शून्य से वित्त वर्ष 2024-25 में 321.77 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की है। वाईआईएल के प्रमुख उत्पादों में कार्बन फाइबर कंपोजिट, मध्यम और बड़े कैलिबर गोला-बारूद के लिए असेंबली उत्पाद, बख्तरबंद वाहनों के लिए असेंबली उत्पाद, तोपखाने और मुख्य युद्धक टैंकों (एमबीटी) के लिए असेंबली उत्पाद, ग्लास कंपोजिट, एल्युमीनियम मिश्र धातु आदि शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित