छपरा , मार्च 10 -- बिहार में सारण जिले के भगवान बाजार थाना क्षेत्र में एक झोला छाप चिकित्सक की तलाश पड़ोसी राज्य उत्तरप्रदेश के बलिया जिले से आई बैरिया थाना की पुलिस कर रही है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि भगवान बाजार थाना क्षेत्र के नई बाजार मोहल्ला निवासी झोला छाप चिकित्सक अरविन्द कुमार सिंह पड़ोसी राज्य उत्तरप्रदेश के बैरिया में अपना क्लिनिक चलाता है। जहां गोनिया छपरा गांव निवासी सुमन देवी( 27) प्रसव पीड़ित होने पर उसकी क्लिनिक में भर्ती हुई।

सूत्रों ने बताया कि बच्चे को जन्म देने के कुछ समय बाद ही इलाज के दौरान उक्त महिला की मौत हो गई।

इस घटना के बाद झोला छाप चिकित्सक अरविन्द कुमार सिंह वहां से भाग निकला।

घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेजने के साथ ही मृतका के परिजनों से मिले आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर उक्त चिकित्सक के गिरफ्तारी के लिए छपरा शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र में छापामारी की।

सूत्रों ने बताया कि छापामारी की सूचना लीक होने के बाद चिकित्सक वहां से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में लगी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित