छपरा, फरवरी 13 -- बिहार में सारण जिले के भगवान बाजार थाना क्षेत्र में एक निजी परिवहन कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी को चाकू मारकर घायल कर दिया गया है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि सरकारी बस डिपो के समीप कुछ निजी परिवहन कर्मी काउंटर लगा कर काम करते हैं। गुरुवार की देर शाम को एक निजी परिवहन के काउंटर पर काम करने वाले नगर थाना क्षेत्र के कटहरीबाग मुहल्ला निवासी अजय कुमार अपने काउंटर को बंद कर घर जा रहा था।इसी दौरान शराब के नशे में पहुंचे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव निवासी शर्मा ने उसे चाकू मारकर घायल कर दिया। घायल को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिये पटना भेज दिया गया है ।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस घायल के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित