छपरा , मार्च 07 -- बिहार के सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम दो समुदायों के बीच हुई झड़प के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुये पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, भुआलपुर स्थित आजाद चौक के पास मोटरसाइकिल से धूल और धुआं उड़ाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट और गाली- गलौज में बदल गया। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक- दूसरे पर ईंट- पत्थर भी चलाये, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मढ़ौरा-1 के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुये भुआलपुर गांव के नौशाद आलम, नेहमत राजा, कैशर राजा, रौशन कुमार और गुड्डू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित