छपरा , मार्च 27 -- बिहार में सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सरयू नदी में डूबकर भाई-बहन समेत तीन लोगों की मौत हो गई है। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि मटियार गांव से सात लोग लकड़ी काटने सरयू नदी के उस पार गये थे। पप्पू महतो का पुत्र गुंजन कुमार (10)नदी में पानी पीने के दौरान पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबने लगा।उसे बचाने के क्रम में उसकी बहन रजनी कुमारी (12)और बनियापुर थाना क्षेत्र के पैगम्बरपुर निवासी कृष्णा महतो की पुत्री प्रियांशू कुमारी(13) भी गहरे पानी में चली गयीं। इस घटना में तीनों लोगों की डूबकर मौत हो गई।

सूत्रों ने यहां बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गौतखोरों की मदद से शवों को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित