छपरा , अप्रैल 24 -- बिहार में सारण जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र में सड़क दुघर्टना में सेना के अधिकारी की पत्नी की मौत हो गई तथा सेना अधिकारी और दो बच्चे घायल हो गए हैं।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को आज यहां बताया कि मध्य प्रदेश के सिंधी जिला अंतर्गत मझौली थाना क्षेत्र के प्रथरौला गांव निवासी गजेंद्र सिंह चौहान पश्चिम बंगाल में बीनागुड़ी में जेसीओ के पद पर कार्यरत हैं। पश्चिम बंगाल के प्रथम चरण के विधानसभा चुनाव होने के बाद वह अपने पत्नी निर्मला सिंह चौहान (44) और दो बच्चो पुत्री गुनगुन तथा पुत्र कार्तिक के साथ घर में होने वाले शादी समारोह में भाग लेने के लिए कार से अपने गांव जा रहे थे।इस दौरान वीर कुंवर सिंह सेतु पर एक अनियंत्रित ट्रक ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में निर्मला सिंह चौहान की मौत हो गई,जबकि सेना अधिकारी और दोनों बच्चे घायल हो गए।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने के साथ ही सभी घायलों को इलाज के लिए पटना भेज दिया है।पुलिस ट्रक जब्त कर थाना ले आई है, जिसके रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित