छपरा , अप्रैल 29 -- बिहार में सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अनियंत्रित मोटरसाइकिल की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि सोनपुर थाना क्षेत्र के फकराबाद गांव निवासी दिलीप पासवान का पुत्र अंकुश कुमार (16) अपने एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए मुफस्सिल थाना क्षेत्र के करिंगा गांव आया था,जहां उसे अनियंत्रित मोटरसाइकिल सवार ने अपनी चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि ग्रामीणों ने मोटरसाइकिल सवार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने के साथ ही पकड़े गए व्यक्ति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित