छपरा , अप्रैल 18 -- बिहार में सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रहे पुलिसकर्मियों को चार लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि मांझी थाना के पुलिस अवर निरीक्षक शिव प्रताप सिंह कुछ अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मांझी - बलिया मोड़ पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों की जांच के लिए जब उन्हें रोका गया तो उन लोगों ने अपने दो अन्य साथियों को वहां बुलाकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस घटना में पुलिस अवर निरीक्षक शिव प्रताप सिंह सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ोसी राज्य उत्तरप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र में छापामारी कर हमला करने वाले चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धारा में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित