छपरा , अप्रैल 08 -- बिहार में सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र में एक एटीएम से छेड़छाड़ कर दूसरे व्यक्ति की राशि लेने वाले एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि दो अप्रैल को बनियापुर थाना क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से रुपए की निकासी करने पहुंचे एक व्यक्ति से अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम मशीन में छेड़छाड़ कर 20000 रुपए की निकासी कर ली थी। इसके बाद पीड़ित व्यक्ति ने बनियापुर थाना पुलिस को आवेदन देकर इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर करने का अनुरोध किया था।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धारा में प्राथमिकी दर्ज कर जांच करने तथा एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच करने के बाद नगर थाना क्षेत्र के दहियांवा मुहल्ला निवासी धीरज कुमार उर्फ धीरज यादव को गिरफ्तार कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित