छपरा , जनवरी 28 -- बिहार के सारण जिले में मशरक थाना की पुलिस ने खोये हुए एक बच्चे को मात्र पांच घंटा में सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के बलडीहा सतजोड़ा गांव निवासी विरेश राम का पांच वर्षीय पुत्र रौशन कुमार अपनी मां के साथ मशरक थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में एक रिश्तेदार के घर आया हुआ था। खेलने के दौरान बच्चा अचानक ही गायब हो गया। रिश्तेदारों ने उसकी खोजबीन की लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने मामले की सूचना मशरक थाना पुलिस को दी।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मशरक थाना प्रभारी रंजीत कुमार पासवान ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अवर निरीक्षक रितिकेश कुमार को इस मामले का उद्भेदन करने का निर्देश दिया। बच्चे की जानकारी इसुआपुर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड में मिलने पर पुलिस बल उक्त स्थान पर पहुंची और बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित