बैतूल , फरवरी 10 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अपराधों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सारणी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की एक वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 7.50 लाख रुपये मूल्य का सोना-चांदी का मशरूका, मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी तथा एसडीओपी सारणी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार फरियादी सतीश धुर्वे निवासी सतपुड़ा आईटीआई क्षेत्र सारणी ने 2 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर रात के समय उनके सूने मकान से सोने का हार, कंगन, झुमके, चांदी का कमरबंद, पायल, बिछिया, सिक्के, घड़ियां और नकदी चोरी कर ले गए। मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की।

विवेचना में आरोपी अनुराग पस्तारिया से पूछताछ के बाद उसके अन्य साथियों प्रवीण उर्फ अन्ना लांजीवार, कासिफ उर्फ सोहेल खान, यूसुफ उर्फ बिट्टू खान और चंद्रकला लांजीवार के नाम सामने आए, जिन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि चोरी गया अधिकांश माल बरामद कर लिया गया है।

सभी आरोपियों को 9 फरवरी को गिरफ्तार कर 10 फरवरी को न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में थाना सारणी पुलिस के साथ साइबर सेल और अंगुल चिन्ह विशेषज्ञ टीम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित