छपरा , दिसंबर 30 -- बिहार में मानव तस्करी एवं शोषण के विरुद्ध चलाये गये विशेष अभियान 'ऑपरेशन नया सवेरा' में सारण जिले की पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुये राज्य स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया है।
इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये बिहार पुलिस मुख्यालय के अपराध अनुसंधान विभाग (कमजोर वर्ग) की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला के दौरान सारण पुलिस को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ कुमार आशीष को उनके सराहनीय नेतृत्व, सतत निगरानी और प्रभावी कार्यकुशलता के लिये प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया है।
उल्लेखनीय है कि बिहार पुलिस मुख्यालय की पहल पर 31 जुलाई से 14 अगस्त तक राज्यभर में विशेष अभियान चलाया गया था। इस दौरान सारण पुलिस ने मानव तस्करी, बाल श्रम, अनैतिक देह व्यापार तथा ऑर्केस्ट्रा और थियेटर समूहों में फंसी पीड़िताओं के खिलाफ सघन, सुनियोजित और संवेदनशील कार्रवाई की।
अभियान के तहत सारण जिले में सक्रिय ऑर्केस्ट्रा गिरोहों का पर्दाफाश करते हुये पुलिस ने 29 नाबालिग और बालिग लड़कियों को शोषण के चंगुल से मुक्त कराया। साथ ही, इस संगठित अपराध से जुड़े कई आरोपियों की गिरफ्तारी कर विधि- सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
सारण पुलिस की इस उपलब्धि को मानवाधिकार संरक्षण और समाज के कमजोर वर्गों की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह सफलता न केवल पुलिस की सक्रियता को दर्शाती है, बल्कि अन्य जिलों के लिये भी एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित