छपरा , फरवरी 02 -- बिहार में सारण जिले के अवतारनगर थाना क्षेत्र में एक महिला की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि सुंदरपुर सोअरा गांव निवासी पप्पू कुमार शर्मा की पत्नी सीमा देवी (27) के मायके वालों ने पुलिस को दिये गये आवेदन में कहा है कि मृतका के ससुराल वालों ने जानकारी दी है कि सीढ़ी के पहले पायदान से गिरने से उसकी मौत हुई है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि कुछ दिन पूर्व मृतका और उसके ससुराल वालों के बीच विवाद होने पर मृतका अपने मायके में रह रही थी, जिसके बाद ससुराल वालों ने मृतका के मायके पहुंच कर मामले को सुलझा लेने के बाद ही मृतका पुनः ससुराल वापस लौट गयी थी।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस इस मामले में मृतका के परिजनों से मिले आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित