छपरा , दिसंबर 18 -- छपरा नगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक चिकित्सक के अपहरण की असफल कोशिश अपराधियों की ओर से की गयी।
इस संबंध में पीड़ित चिकित्सक डॉ सजल कुमार ने नगर थाना में दिये आवेदन में बताया है कि वे बुधवार रात में अपने नर्सिंग होम से कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान साधनापुरी मोहल्ला के पास पहले से घात लगाये चार अपराधियों ने हथियार के बल पर उनकी कार रुकवाकर चालक से मारपीट की और उसे जबरन साइड में बैठाकर कार सहित उनका अपहरण कर लिया।
नगर पालिका चौक के पास कार की गति धीमी होने पर डॉ सजल कुमार ने साहस दिखाते हुये अपराधियों को धक्का देकर चलती कार से कूदकर जान बचा ली। इसके बाद अपराधी कार लेकर फरार हो गये। जिलाधिकारी आवास के समीप घने कोहरे के कारण कार चला रहा अपराधी वाहन को एक पोल से टकरा बैठा, जिससे चालक घायल हो गया। घटना के बाद सभी अपराधी घायल चालक को कार में छोड़कर फरार हो गये।
सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 सह अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित