छपरा , दिसंबर 26 -- बिहार में सारण जिले के सदर अस्पताल छपरा से जांच के लिये पहुंचे दो बाल कैदी मौके का फायदा उठाकर भाग निकले, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से उन दोनों को पकड़ लिया गया।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि मशरक थाना क्षेत्र से दो बाल कैदी को लेकर पुलिस टीम गुरुवार की देर शाम को सदर अस्पताल छपरा पहुंची थी, जहां पुलिस वाले उनके इलाज के लिये पर्चा कटवा रहे थे। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर दोनों बाल कैदी रस्सी खोल कर भाग निकले, लेकिन तत्परता दिखाते हुये पुलिस ने आम लोगों के सहयोग से दोनों बाल कैदियों को सदर अस्पताल के मुख्य गेट पर पकड़ लिया।
इस मामले को लेकर पुलिस ने भगवान बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित