छपरा , दिसंबर 24 -- बिहार में सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध आमी मंदिर (अंबिका भवानी) के बाहरी इलाके में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से एक दर्जन से अधिक दुकानें जलकर राख हो गईं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार तड़के करीब तीन बजे एक दुकान से अचानक धुआं उठने लगा, जिसके बाद आग तेजी से फैलते हुये आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही दिघवारा, अवतार नगर, सोनपुर थाना की पुलिस के साथ अग्निशमन दस्ता और रेल चक्का कारखाना की दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक सभी दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिये हैं। अगलगी में भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित