रायपुर , मार्च 18 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बीजापुर और कांकेर जिलों से आए 140 आत्मसमर्पित नक्सलियों ने विधानसभा परिसर में मुलाकात कर मुख्यधारा में लौटने की अपनी यात्रा साझा की।

मुख्यमंत्री ने आत्मसमर्पित नक्सलियों से उनके पूर्व जीवन और वर्तमान परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान पूर्व नक्सलियों ने बताया कि अब उनका जीवन पूरी तरह बदल चुका है। जहां पहले वे जंगलों में असुरक्षा और भय के बीच जीवन जीते थे, वहीं अब परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रहे हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि उनके क्षेत्रों में सड़कों, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है, जिससे जीवन स्तर में सुधार आया है। कुछ लोगों ने भावुक होकर कहा कि उन्होंने पहली बार होली जैसे त्योहार को परिवार के साथ मनाया, जो उनके लिए एक नया और सुखद अनुभव रहा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी का मुख्यधारा में स्वागत करते हुए इसे छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि संविधान पर विश्वास जताकर सभी ने समाज के सामने एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित