सूरजपुर , मार्च 21 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय चैत्र नवरात्र की तृतीया तिथि के अवसर पर सूरजपुर जिले के विकासखंड ओड़गी अंतर्गत ग्राम पंचायत कुदरगढ़ पहुंचे और मां कुदरगढ़ी के पावन धाम में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आस्था के प्रमुख केंद्र कुदरगढ़ धाम का भव्य और सुनियोजित विकास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में लगभग 185 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले 76 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत के 52 कार्यों का लोकार्पण तथा 164 करोड़ रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इन परियोजनाओं में सड़क, भवन, पेयजल, शिक्षा, जलाशय और नगरीय अधोसंरचना से जुड़े कार्य प्रमुख रूप से शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चैत्र नवरात्र का पावन पर्व आस्था और ऊर्जा का प्रतीक है। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां कुदरगढ़ी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि देवी-देवता केवल आस्था के प्रतीक ही नहीं बल्कि हमारे जीवन में उत्सव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कुदरगढ़ में लगभग तीन करोड़ नौ लाख 60 हजार रुपये की लागत से निर्मित सर्वसुविधायुक्त नवनिर्मित विश्रामगृह का लोकार्पण भी किया। इस आधुनिक भवन में अतिथियों की सुविधा को ध्यान में रखतेहुए आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की गयी हैं, जिससे श्रद्धालुओं और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुदरगढ़ धाम में शीघ्र ही रोपवे का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र में डोम, बिजली और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा ताकि धाम का समग्र और व्यवस्थित विकास सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सुपोषण रथ, आपराधिक जागरूकता रथ और यातायात जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के बेहतर पोषण के लिए जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है और यातायात नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व नयी ऊर्जा और समृद्धि का संदेश देता है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सरकार महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस अवसर पर वन विकास निगम के अध्यक्ष राम सेवक पैंकरा सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित