रायपुर , अप्रैल 08 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दिल्ली प्रवास को लेकर राज्य सरकार ने बस्तर क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की बात कही है।

प्रदेश के मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बस्तर के विकास से संबंधित विस्तृत खाका प्रस्तुत किया है, जिससे आने वाले समय में क्षेत्र के शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में व्यापक सुधार की उम्मीद है।

श्री कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार बस्तर को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए प्रतिबद्ध है और केंद्र सरकार के सहयोग से इस दिशा में ठोस परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से बस्तर संभाग भविष्य में समृद्ध क्षेत्रों में शामिल होगा।

उन्होंने भूजल स्तर में लगातार हो रही गिरावट पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अनियंत्रित दोहन इसके प्रमुख कारणों में है। सरकार द्वारा गर्मी के मौसम में भूजल उपयोग को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाए गए हैं, जिनमें कुछ क्षेत्रों में प्रतिबंध भी शामिल है। उन्होंने बताया कि किसानों का भी इस दिशा में सहयोग मिल रहा है।

उन्होंने कांग्रेस की प्रस्तावित बैठकों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्ष को पहले अपने आंतरिक मतभेद सुलझाने चाहिए। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर योजनाओं के क्रियान्वयन में कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार उन योजनाओं को प्रभावी रूप से आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को लेकर बताया कि नक्सलमुक्त ग्राम पंचायतों को प्रोत्साहित करने के लिए आर्थिक प्रावधान किए गए हैं। जो पंचायत स्वयं को नक्सलमुक्त घोषित करती हैं, उन्हें प्रोत्साहन राशि देने की योजना है। सरकार और केंद्र के संयुक्त प्रयासों से बस्तर क्षेत्र को सुरक्षित और विकसित बनाने की दिशा में निरंतर कार्य जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित