रायपुर , फरवरी 17 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के छात्र-छात्राओं को परीक्षाओं के अवसर पर आज शुभकामनाएँ देते हुए आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा, ''ऑल द बेस्ट, प्यारे बच्चों।''मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि परीक्षाओं का समय जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। इस दौरान उत्साह के साथ थोड़ा तनाव होना स्वाभाविक है, लेकिन घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे अकेले नहीं हैं, पूरा प्रदेश उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा को लेकर मन में डर है तो यह कमजोरी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का संकेत है। इसका अर्थ है कि विद्यार्थी अपने भविष्य को गंभीरता से लेते हैं। उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि वे इस डर को आत्मविश्वास पर हावी न होने दें, क्योंकि पूरे वर्ष की मेहनत, नियमित अभ्यास और दोहराव ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन करने, कठिन विषयों का पुनरावृत्ति करने और समय का संतुलित उपयोग करने का आग्रह किया। साथ ही पर्याप्त नींद लेने, पौष्टिक आहार ग्रहण करने तथा परीक्षा के दौरान मोबाइल से दूरी बनाकर लक्ष्य पर पूर्ण ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी इस बार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और अपने परिवार व प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित