भोपाल , अप्रैल 29 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि यह उस विश्वास का प्रतीक है कि सरकार हर परिस्थिति में जरूरतमंदों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को सम्मान और पारदर्शिता के साथ सहायता उपलब्ध कराना ही सरकार का संकल्प है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज मंत्रालय से समग्र पेंशन योजना के तहत प्रदेश के 33 लाख 45 हजार 231 हितग्राहियों के बैंक खातों में मार्च पेड अप्रैल की 200 करोड़ 71 लाख रुपये की पेंशन राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और पेंशन योजनाएं सामाजिक उत्तरदायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से मिलने वाली राशि जरूरतमंदों के जीवनयापन में सहारा बनने के साथ-साथ उन्हें आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने की प्रेरणा भी देती है। सरकार का लक्ष्य है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचे, जिससे कोई भी नागरिक स्वयं को असहाय महसूस न करे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए 2 हजार 857 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को और मजबूती मिलेगी।
विभागीय जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री कन्या अभिभावक पेंशन योजना के 62 हजार 594, मानसिक रूप से अविकसित एवं बहु दिव्यांग आर्थिक सहायता योजना के 77 हजार 120 तथा समग्र सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 32 लाख 5 हजार 517 हितग्राहियों सहित कुल 33 लाख 45 हजार 231 लाभार्थियों को 600 रुपये प्रतिमाह की दर से यह राशि प्रदान की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित