जयपुर , फरवरी 18 -- राजस्थान सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में देय मासिक पेंशन राशि को 1250 से बढ़ाकर 1300 करने का निर्णय लिया है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने बताया कि के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर इस राशि में वृद्धि करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है और वृद्धावस्था, विधवा या एकलनारी, दिव्यांगजन तथा लघु एवं सीमान्त कृषकों को दी जाने वाली मासिक पेंशन राशि 1250 से बढ़ाकर 1300 कर दी गई है।

श्री गहलोत ने बताया कि पेंशन वृद्धि से राज्य सरकार पर प्रतिवर्ष लगभग 550 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा लेकिन सरकार जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए यह निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि यह कदम अंत्योदय की भावना को सशक्त करेगा।

उन्होंने बताया कि बढ़ी हुई राशि गत एक जनवरी से प्रभावी मानी जाएगी तथा फरवरी 2026 से देय होगी। इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 91 लाख पेंशनर्स को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल के नेतृत्व वाली राज्य सरकार समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के सम्मानजनक जीवन के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन राशि में यह बढ़ोतरी सामाजिक सुरक्षा को और मजबूत करेगी तथा लाभार्थियों को आर्थिक संबल प्रदान करेगी। राज्य सरकार के इस निर्णय का प्रदेशभर में स्वागत किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित