लखनऊ , मार्च 18 -- उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने पूर्व सांसद साध्वी निरंजन ज्योति को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग का अध्यक्ष बनाए जाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
श्री चौधरी ने बुधवार को विश्वास जताया कि साध्वी निरंजन ज्योति का अनुभव, समर्पण और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पिछड़े वर्गों के सशक्तिकरण एवं उनके सर्वांगीण विकास को नई गति प्रदान करेगी।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के पत्योरा गांव में जन्मी साध्वी निरंजन ज्योति ने एक कथा वाचक के रूप में अपनी यात्रा प्रारंभ की। एक बार विधायक, दो बार सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री, निरंजनी अखाड़े में महामंडलेश्वर का सफर तय करने के बाद बुधवार को वह राष्ट्रीय पिछड़ा आयोग की अध्यक्ष बन गयीं। उनकी इस सफलता पर समर्थकों में खुशी और जश्न का माहौल है। वह इस समय दिल्ली में हैं, लेकिन जैसे ही लोगों को इस कामयाबी की जानकारी हुई लोग से उछल पड़े। तांबेश्वर नगर स्थिति आवास पर समर्थकों का आना-आना प्रारंभ हो गया, यहां से लोग उनके मूसानगर आश्रम भी जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित