हरिद्वार , अप्रैल 22 -- उत्तराखंड में हरिद्वार की पुलिस ने दीनदयाल पार्किंग क्षेत्र में साधु की हत्या के मामले का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए बुधवार को नेपाली मूल के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने मामूली विवाद के चलते डंडे और पत्थर से हमला कर साधु को मौत की घाट उतार दिया था।
पुलिस के अनुसार, 21 अप्रैल को चौकी रोडीबेलवाला पर सूचना मिली कि अंडरपास के ऊपर पीपल के पेड़ के पास रहने वाले एक साधु पर किसी व्यक्ति ने हमला कर दिया है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब 40-45 वर्षीय अज्ञात साधु को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया। उसे तत्काल जिला अस्पताल हरिद्वार ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान न होने पर पुलिस ने स्वयं वादी बनकर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। साथ ही फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने डिजिटल और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए सुराग जुटाए। पूछताछ में मिले हुलिये के आधार पर संदिग्ध की तलाश की गई। इसी क्रम में सूचना मिली कि संदिग्ध व्यक्ति गंगा सभा की अस्थायी पार्किंग की ओर गया है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया, जहां एक व्यक्ति पेड़ के नीचे सोता हुआ मिला।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपक थापा निवासी लुम्बिनी, नेपाल बताया और हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले सोने को लेकर उसका साधु से विवाद हुआ था। बदले की भावना में उसने पहले डंडे और फिर पत्थर से हमला कर साधु की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित