प्रयागराज , मई 06 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पवित्र त्रिवेणी संगम के नाम पर शराब का ब्रांड "संगम" रखे जाने को लेकर साधु संतों ने तीखी नाराजगी जतायी है।

श्रृंगवेरपुर पीठाधीश्वर शांडिल्य जी महाराज ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार से मांग की है कि ऐसे लोगों के खिलाफ तत्काल राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज किया जाए। इसके साथ ही जिस डिस्टिलरी ने भी शराब का नाम "संगम" के नाम पर रखा है,उसके मालिक को गिरफ्तार कर जेल में डाल देना चाहिए।

शांडिल्य जी महाराज ने चेतावनी देते हुए कहा है कि जो विधर्मी लोग सनातन को बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं, संत समाज उन्हें कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। संत समाज ही आगे बढ़कर उन्हें दंडित करने का भी काम करेगा।

संगम ब्रांड की शराब रामपुर डिस्टिलरी में निर्मित की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित