जयपुर , जनवरी 24 -- राजस्थान में आमजन को मिलावट रहित शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए चलाये जा रहे शुद्ध आहार, मिलावट पर वार अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर में सात सौ किलोग्राम मिलावटी पनीर पकड़ा गया और उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ टी. शुभमंगला ने शनिवार को बताया कि अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह तथा संयुक्त आयुक्त डॉ वी.पी. शर्मा के नेतृत्व में केंद्रीय दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने शुक्रवार को भट्टा बस्ती, शास्त्री नगर स्थित मेसर्स बरसाना पनीर भंडार के गोदाम पर निरीक्षण की कार्रवाई की। यहां 700 किलोग्राम मिलावटी पनीर पकड़ा गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया।
उन्होंने बताया कि मिलावटी पनीर के नमूने लिये गये और बरसाना पनीर भंडार के मालिक मुस्ताक से मिली जानकारी के अनुसार अलवर से यह पनीर मंगाकर जयपुर के खुदरा पनीर विक्रेताओं को 200-220 के भाव से बेचा जाता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित