नयी दिल्ली , फरवरी 01 -- वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त वर्ष 2026-27 के आम बजट में ढांचागत क्षेत्र के विकास के लिए सात उच्च-गति रेल कॉरिडोर विकसित करने की एक महत्वाकांक्षी योजना की घोषणा की है।

श्रीमती सीतारमण ने रविवार को लोकसभा में 2026-27 का आम बजट पेश करते हुए कहा कि इस कोरिडोर को स्थापित करने का उद्देश्य महत्वपूर्ण शहरों के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत कर आर्थिक विकास को गति देना है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित उच्च-गति रेल कॉरिडोर प्रमुख शहरी और औद्योगिक केंद्रों को जोड़ेंगे तथा देश में ढांचागत विकास को गति देंगे।

वित्तमंत्री ने कहा कि पर्यावरणीय रूप से सतत यात्री प्रणालियों को बढ़ावा देने के मकसद से जिन सात शहरों को इस विकास परियोजना से 'विकास संयोजक' के रूप में सात उच्च-गति रेल कॉरिडोर बनाए जाएंगे उनमें मुंबई-पुणे, पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-बेंगलुरु, हैदराबाद-चेन्नई, चेन्नई-बेंगलुरु, दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी शामिल है। इस पहल से यात्रा समय में काफी कमी आएगी, क्षेत्रीय एकीकरण बढ़ेगा और देश में दीर्घकालिक लॉजिस्टिक्स तथा इंफ्रास्ट्रक्चर आधुनिकीकरण के लक्ष्यों को बल मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित