पटना , फरवरी 06 -- बिहार राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता एजाज अहमद ने शुक्रवार को बताया कि सात फरवरी को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव का अभिनंदन और स्वागत समारोह आयोजित किया गया है।
श्री अहमद ने आज बयान जारी कर कहा कि राजद कार्यालय में आयोजित होने वाले अभिनंदन और स्वागत समारोह की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के प्रति राजद के नेताओं और कार्यकर्ताओं में काफी जोश- खरोश देखा जा रहा है। समारोह के लिए व्यापक रूप से राजद कार्यालय को सजाया गया है। पटना के सड़कों पर होर्डिंग बैनर के माध्यम से अभिनंदन समारोह की तैयारी के लिए प्रचार प्रसार किया जा रहा है लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की जा रही है।
राजद प्रवक्ता ने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पार्टी कार्यालय के तीनों गेट पर बड़े-बड़े कट आउट और स्लोगन लिखे बोर्ड लगायें गये हैं, जिसमें कहा गया कि बिहार के मन की सुनते हैं, समझते हैं और करते है। कार्यकर्ताओं में नया जोश और ऊर्जा के साथ-साथ संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाने के पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के विचार और संकल्प को मजबूती मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित