पटना , दिसंबर 16 -- बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मंगलवार को कहा कि सात निश्चय भाग- 3 की बदौलत बिहार शीघ्र विकसित राज्य बनने की तरफ आगे बढ़ेगा।
डॉ. कुमार ने बिहार सरकार के कैबिनेट से आगामी पांच वर्षों के लिए सात निश्चय भाग-3 के गठन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आज कहा कि बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार और उसके मुखिया नीतीश कुमार के नेतृत्व में सात निश्चय भाग 1 एवं भाग 2 योजना काफी सफल रही है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के कारण बिहार विकास की पटरी पर तेजी से दौड़ रहा है।
बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि लगातार राजग सरकार की मेहनत और विकासात्मक कार्यों का नतीजा है कि बिहार में तरक्की और विकास सभी दिशा और क्षेत्र में दिख रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने सात निश्चय भाग-3 कार्यक्रम को कैबिनेट से मंजूरी देकर विकसित बिहार बनाने के सपनों को साकार करने की रूपरेखा तय कर दी है। उन्होंने कहा कि बिहार सात निश्चय भाग-3 के बल पर शीघ्र विकसित बिहार का सपना पूरा करेगा। बिहार पूर्वोत्तर का उद्योग का हब होगा। युवाओं को रोजगार मिलेंगे। उन्होंने कहा कि वह सरकार के इस निर्णय की प्रशंसा करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित