बैतूल , जनवरी 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में सागौन तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
ताजा घटना में तस्करों ने वन विभाग की सरकारी कटाई के बाद कूप में रखे करीब 1.50 लाख रुपए मूल्य के 2.356 घन मीटर सागौन के 13 लट्ठे चोरी कर लिए। घटना गवासेन रेंज के कुरसना स्थित 9 नंबर कूप की है, जहां से तस्कर मंगलवार रात पिकअप वाहन में सागौन भरकर फरार हो गए। इंदौर-बैतूल नेशनल हाइवे पर टेमागांव रेंज के उसकली गांव के पास तड़के करीब 3 बजे पिकअप का पहिया निकलने से वाहन पलट गया। हादसे में सागौन के 13 लट्ठे सड़क किनारे बिखर गए।
सूचना मिलते ही टेमागांव, सिवनी मालवा और बैतूल वन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और सागौन जब्त किया, हालांकि तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
सूत्रों ने बताया कि सागौन चोरों की यह बिश्नोई गैंग बीते कई वर्षों से सागौन चोरी को अंजाम दे रही है। पूर्व में भी मोहदा रेंज में गैंग एक ट्रक लकड़ी कूप कटाई की भरकर ले जा रहे थे, किंतु ट्रक खराब होने पर उसे आग लगा दी थी जिससे ट्रक जल कर राख हो गया था।
बैतूल डीएफओ (उत्पादन) नवीन गर्ग ने मामले में लापरवाही मानते हुए कूप प्रभारी एवं वनरक्षक संतोष मर्सकोले को निलंबित कर दिया है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार वाहन पलटने के स्थान पर खून के निशान भी मिले हैं, जिससे तस्करों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित