रायसेन , दिसम्बर 29 -- मध्यप्रदेश में रायसेन जिला मुख्यालय पर धान के दाम अचानक घटने से नाराज किसानों ने सोमवार को सागर-भोपाल मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। धान के उचित मूल्य नहीं मिलने से किसानों में भारी आक्रोश देखा गया।

किसानों का कहना है कि कल तक धान के दाम 4000 रुपये प्रति क्विंटल थे, जो आज अचानक घटकर 3000 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। एक ही दिन में 1000 रुपये की गिरावट से किसान आर्थिक नुकसान की आशंका जता रहे हैं। इसी के विरोध में किसानों ने सड़क पर बैठकर आवागमन रोक दिया।

चक्काजाम के कारण सागर-भोपाल मार्ग पर तीनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल मौजूद है और किसानों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। किसान अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं और धान के दाम पुनः बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा समाधान निकालने के प्रयास जारी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित