सागर , जनवरी 27 -- गणतंत्र दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश के सागर संभागीय मुख्यालय के पुलिस प्रशिक्षण ग्राउंड सागर में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षाेल्लास, देशभक्ति एवं गरिमामयी ढंग से मनाया गया।
मुख्य समारोह में उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने झंडा वंदन किया और परेड की सलामी ली।
उन्होंने गगन में रंग-बिरंगे गुब्बारे मुक्त किए। पुलिस बल की टुकड़ियों ने हर्ष फायर किया एवं राष्ट्रगान की धुन के साथ तिरंगे झंडे को सलामी देने के लिए आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया।
प्रभारी मंत्री श्री शुक्ल ने समारोह में लोकतंत्र सेनानियों, मीसाबंदी और बुंदेली अखाड़े का प्रशिक्षण देने वाले सागर नगर के प्रबुद्ध नागरिक भगवानदास रैकवार, जिन्हें पद्मश्री सम्मान से भारत सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा, को भी सम्मानित किया।पुलिस बल और सशस्त बलों द्वारा आकर्षक परेड की प्रस्तुति दी गई। परेड समारोह में परेड का नेेतृत्व 77वीं आर.आर. बटालियन प्लाटून कंमाडर दीपांशु गुप्ता ने किया वहीं परेड कमांडर का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक जिला पुलिस बल सागर श्रीमती प्रतिमा जैन ने किया। परेड में जी.एन.के.ए. सागर की टुकड़ी का नेतृत्व उप निरीक्षक सुदर्शन सिंह, पुलिस प्रशिक्षण शाला मकरोनिया सागर की टुकड़ी का नेतृत्व उप निरीक्षक प्रणेन्द्र तिवारी, जिला पुलिस बल सागर (पुरुष) की टुकड़ी का नेतृत्व उप निरीक्षक श्री जयसिंह लोधी, जिला पुलिस बल सागर (महिला) की टुकड़ी का नेतृत्व उप निरीक्षक श्रीमती प्रतिमा जैन, होमगार्ड सागर की टुकड़ी का नेतृत्व पी.सी. अनिमेष राजपूत, एनसीसी गर्ल्स की टुकड़ी का नेतृत्व सीनियर अंडर ऑफिसर कु. रक्षा लोधी, एनसीसी बालिका की टुकड़ी का नेतृत्व अंडर ऑफिसर सतीष अहिरवार, शौर्य दल सागर की टुकड़ी का नेतृत्व सुश्री रीना लोधी तथा पुलिस बैंड प्लाटून सागर की टुकड़ी का नेतृत्व आरक्षक विवेक जैन जेएनपीए ने किया। मार्च पास्ट के पश्चात समारोह के मुख्य अतिथि ने मार्च पास्ट में भाग लेने वाले सभी कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।
उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित