राजनांदगांव , मार्च 21 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए रविवार को विशेष परीक्षा महाअभियान आयोजित किया जा रहा है, जिसमें लगभग तीन हजार शिक्षार्थी शामिल होंगे। इस पहल का उद्देश्य ऐसे लोगों को पढ़ना-लिखना सिखाना है, जो अब तक शिक्षा से वंचित रहे हैं।

इस अभियान के तहत पूरे जिले में 137 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। खास बात यह है कि इसमें युवाओं से लेकर अधिक आयु के लोग भी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं, जिससे समाज में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता साफ नजर आ रही है।

जिला परियोजना अधिकारी रश्मि सिंह ने शनिवार को बताया कि, यह कार्यक्रम 'उल्लास नवभारत साक्षरता अभियान' के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है, जो नई शिक्षा नीति के अनुरूप सभी वर्गों तक शिक्षा पहुंचाने का प्रयास है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य न सिर्फ लोगों को साक्षर बनाना है, बल्कि उन्हें जीवनभर सीखने के लिए प्रेरित करना भी है।

परीक्षा का आयोजन रविवार को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे के बीच किया जाएगा। प्रत्येक परीक्षार्थी को परीक्षा पूर्ण करने के लिए तीन घंटे का समय मिलेगा, जिससे वे अपनी सुविधा अनुसार निर्धारित समय में शामिल हो सकें।

प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अधिक से अधिक लोगों को परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रेरित करें, ताकि राजनांदगांव को पूर्ण साक्षर जिले के रूप में स्थापित किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित