पटना , जनवरी 16 -- बिहार में पटना जिले के दानापुर थाना क्षेत्र से पुलिस ने साइबर फ्रॉड गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दानापुर- 01 शिवम धाकड़ ने शुक्रवार को बताया कि सूचना के आधार पर गुरूवार को दानापुर थानांतर्गत एक होटल में छापेमारी कर साइबर फ्रॉड में संलिप्त दस अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि अभियुक्त एटीएम/केवाईसी अपडेट के नाम पर लोगों को फोन कर धोखाधड़ी कर अवैध रूप से धन अर्जित कर रहे थे।

श्री धाकड़ ने बताया कि छापेमारी के दौरान अभियुक्तों के पास से 18 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, बड़ी संख्या में सिम कार्ड, आधार/वोटर आईडी कार्ड,चेक बुक, पासबुक, एटीएम कार्ड,नकद राशि एवं अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित