भीलवाड़ा , जनवरी 13 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिला साइबर शाखा एवं शाहपुरा थाना पुलिस ने टेलीग्राम आधारित निवेश के जरिए लोगों से लाखों की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार लाख 29 हजार रुपए की साइबर ठगी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि परिवादी अभिषेक सोमाणी (36) ने शिकायत दर्ज कराई कि टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से निवेश का झांसा देकर उसके भाई आशीष सोमाणी के साथ साइबर ठगी की गई। आरोपियों ने यूट्यूब सब्सक्रिप्शन, गूगल रिव्यू और मनी टास्क के नाम पर पहले छोटी रकम लौटाकर विश्वास जीता और फिर ऊंचे फायदे का लालच देकर चार लाख 20 हजार रुपये ठग लिये।
पुलिस ने बताया कि इस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खातों से दो लाख 80 हजार रुपये की राशि फ्रीज करवा दी। बाद में जिला साइबर टीम ने सटीक सूचना के आधार पर बैंक से नकदी निकालते समय तीनों आरोपियों को दबोंच लिया। उनसे तीन मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड एवं सात एटीएम कार्ड बरामद किए गए।
आरोपियों की पहचान बलवीर सिंह राणावत (22) , बलवीर सिंह खंगारोत (35) और दिग्विजय सिंह (24) के रूप में हुई है। ठगी गई शेष राशि की बरामदगी एवं अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित