नयी दिल्ली , दिसंबर 02 -- राज्य सभा में मंगलवार को साइबर अपराध से लोगों खासकर गरीबों के ठगी का शिकार होने का मामला उठाया गया और इस समस्या से निपटने के लिए विशेष ध्यान देने की सरकार से मांग की गयी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिनेश शर्मा ने विशेष उल्लेख के जरिए इस मामले को उठाते हुए कहा कि तकनीक के प्रसार के साथ-साथ साइबर अपराध भी तेजी से बढ़े हैं। साइबर अपराधी लोगों की व्यक्तिगत जानकारी तो जुटा ले रहे हैं, इसके अलावा भोले-भाले लोगों के धन की ठगी के भी मामले निरंतर बढ़ते जा रहे हैं। साइबर अपराधियों की करतूतों के शिकार तकनीकी रूप से कम जागरुक लोग ज्यादा हो रहे हैं। गरीब इनके झांसे में जल्दी आ जाते हैं।
श्री शर्मा सुझाव दिया कि डिजिटल लेन-देन प्रक्रिया सरल बनायी जाये और स्थानीय पुलिस को बेहतर प्रशिक्षण देकर साइबर अपराध से निपटने में दक्ष किया जाये। उन्होंने कहा कि सरकार को हर स्तर पर साइबर अपराध रोकने के यथासंभव कदम उठाने चाहिए। इस संबंध में समय-समय पर जागरुकता अभियान चलाने की भी जरूरत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित