अलवर , जनवरी 23 -- राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में कोटा खुर्द गांव में साइबर अपराधी को पकड़ने गई पांडिचेरी साइबर पुलिस और रामगढ़ थाना पुलिस पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया जिससे सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि पांडिचेरी साइबर पुलिस और रामगढ़ थाना पुलिस साइबर अपराधी को गिरफ्तार करने के लिए गयी थी इस पर पुलिस को कुछ ग्रामीणों ने कार्रवाई करने से रोकने का प्रयास किया। इतना ही नहीं गांव की कुछ महिलाओं ने पुलिस की जीप पर पत्थरबाजी की जिससे पुलिस की गाड़ी के शीशे भी टूट गए।
रामगढ़ के पुलिस उपाधीक्षक पिंटू कुमार ने बताया कि पांडीचेरी से साइबर पुलिस के संतोष कुमार पुलिस दल के साथ रामगढ़ थाने पहुंचे थे। साइबर अपराधी मुनफेद खान ने पांडिचेरी में पुलिस विभाग के किसी अधिकारी के साथ साइबर ठगी की घटना को अंजाम दिया था। सोशल मीडिया पर फर्जी फोटो लगाकर सस्ता सामान बेचने के नाम पर उसको शिकार बनाया था। जिसका पांडिचेरी में साइबर थाने पर मुकदमा दर्ज था। आरोपी की लोकेशन रामगढ़ थाना क्षेत्र के कोटाखुर्द गांव में आ रही थी।
पांडिचेरी पुलिस ने रामगढ़ थाना पुलिस का सहयोग लिया और पुलिस टीम आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए गई थी, लेकिन गांव की कुछ महिलायें और वहां के लोग पुलिस की कार्रवाई करने में बाधा डाल रहे थे। उन्होंने सरकारी गाड़ी के शीशे भी तोड दिए थे। इस पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया। उनके खिलाफ राजकार्य में बाघा का मामला दर्ज किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित