बैतूल , मार्च 07 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में साइकिल खरीदने के पैसों को लेकर हुए विवाद ने एक महिला की जान ले ली।

पुलिस ने शाहपुर थाना क्षेत्र के इस मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना ने एक बार फिर घरेलू विवादों के हिंसक रूप लेने की चिंता को उजागर किया है।

पुलिस के अनुसार घटना ग्राम ढप्पा के खेड़ाढाना की है। यहां 4 मार्च की रात लगभग 11 बजे आरोपी सुधाकर दरशिमा ने अपने बेटे कुनाल के लिए साइकिल खरीदने के उद्देश्य से अपनी पत्नी कविता से पैसों की मांग की थी। पैसों को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे तीखे विवाद में बदल गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने आवेश में आकर पत्नी के साथ हाथ-मुक्कों और बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान कविता को सिर के पीछे, चेहरे, पीठ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। चोटें इतनी गंभीर थीं कि कुछ ही समय में उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद 6 मार्च को थाना शाहपुर में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्रित किए और मृतिका के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मामले में प्राप्त तथ्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी सुधाकर दरशिमा को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच बैतूल के पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि त्योहारों के समय परिवारों में खुशियों के साथ अपेक्षाएं भी बढ़ जाती हैं, लेकिन कई बार इन्हीं अपेक्षाओं और छोटी-छोटी बातों पर विवाद हिंसा का रूप ले लेते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित