नयी दिल्ली , दिसंबर 22 -- सांसद प्रवीन खण्डेलवाल ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती को स्मरणीय बनाने के लिये रिंग रोड स्थित सद्भावना पार्क का नाम बदलकर 'अटल सद्भावना पार्क' करने के लिये प्रस्ताव दिल्ली के उपराज्यपाल को पत्र लिखकर प्रस्ताव दिया है। श्री खण्डेलवाल ने कहा कि उन्होंने इस पार्क में अटल की प्रतिमा स्थापित करने का सुझाव भी दिया है।
श्री खण्डेलवाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी देश के महानतम राजनेताओं में से एक, दूरदर्शी नेता, उत्कृष्ट सांसद और लोकतांत्रिक मूल्यों व राष्ट्रीय एकता के प्रतीक थे। उनका संपूर्ण जीवन और कार्य सद्भावना, संवाद, समावेशी विकास और सुशासन के आदर्शों पर आधारित रहा है, जिससे इस पार्क का नामकरण अत्यंत प्रतीकात्मक और सार्थक बन जाता है।
उन्होंने कहा कि अटल जी का जन्म शताब्दी वर्ष देश के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है, जब उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को सम्मानित किया जाए और उनकी विरासत को भावी पीढ़ियों के लिए संस्थागत रूप दिया जाए। राजधानी के हृदय में स्थित किसी प्रमुख सार्वजनिक स्थल को उनके नाम समर्पित करना शांति, देशभक्ति, ईमानदारी और समावेशी प्रगति के उनके आदर्शों को स्थायी श्रद्धांजलि होगी तथा विशेष रूप से युवाओं को इन मूल्यों से प्रेरित करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित