रांची , दिसम्बर 14 -- झारखंड के रांची के सांसद एवं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने खेल महोत्सव के भव्य समापन को लेकर कार्यालय में आज एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

इस दौरान श्री सेठ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से "फिट युवा-फॉर विकसित भारत" की थीम पर 21 सितंबर 2025 से रांची में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया गया है, जिसका उद्देश्य खेलों को जन-आंदोलन बनाना और समाज के हर वर्ग को इससे जोड़ना है।

श्री सेठ ने कहा कि यह महोत्सव केवल खिलाड़ियों तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों की भी सक्रिय भागीदारी रही है। खेल सबके जीवन का हिस्सा बने और सभी स्वस्थ रहें-इसी उद्देश्य से इसे युवाओं के उत्सव के रूप में आयोजित किया गया।

श्री सेठ ने बताया कि महोत्सव के पहले चरण में 21 सितंबर को "विकसित भारत 2047" की थीम पर साइक्लोथन आयोजित हुआ, जिसमें 2000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। दूसरे चरण में 12 अक्टूबर को स्वदेशी संकल्प के साथ मैराथन का आयोजन हुआ, जिसमें रिकॉर्ड 25 हजार लोगों ने सहभागिता निभाई।

तीसरे चरण में फुटबॉल महासंगम का शुभारंभ हुआ, जिसमें कांके, हटिया, खिजरी, रांची, सिल्ली और ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्रों में फुटबॉल का उत्सव मनाया गया। फुटबॉल महासंगम में कुल 148 टीमों ने हिस्सा लिया, जिनमें 32 महिला टीमें शामिल थीं। इन मुकाबलों का फाइनल टूर्नामेंट रांची में खेला जाएगा।

खेल महोत्सव के तहत नामकुम में लॉन बॉल प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें 30 खिलाड़ियों ने भाग लिया। सिल्ली स्टेडियम और मोराबादी स्थित आर्चरी ग्राउंड में तीरंदाजी प्रतियोगिता हुई, जहां दोनों स्थानों पर कुल 200 खिलाड़ी शामिल हुए। मोराबादी में वूशु प्रतियोगिता में 200 से अधिक प्रतिभागियों ने दमखम दिखाया।

आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए श्री सेठ ने बताया कि 20 और 21 दिसंबर को मोराबादी मैदान में कबड्डी प्रतियोगिता होगी, जिसमें रांची लोकसभा क्षेत्र से 100 से अधिक टीमें भाग लेंगी। वहीं, 24 दिसंबर को मोराबादी फुटबॉल ग्राउंड में एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें 2000 से अधिक खिलाड़ी लंबी कूद, ऊंची कूद, 100 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर और 5 किलोमीटर दौड़ में हिस्सा लेंगे। 23 दिसंबर को ओटीसी ग्राउंड में रांची शहरी और ग्रामीण भाजपा के बीच फुटबॉल व क्रिकेट का मैत्रीपूर्ण मुकाबला भी होगा।

श्री सेठ ने बताया कि 25 दिसंबर को ओटीसी ग्राउंड में सांसद खेल महोत्सव का भव्य समापन किया जाएगा। इस अवसर पर सभी विधानसभा और लोकसभा स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को मेडल और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्बोधन ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त होगा। साथ ही गिल्ली-डंडा, पिट्टू और रस्साकशी जैसे पारंपरिक खेल भी कार्यक्रम का आकर्षण रहेंगे।

प्रेस वार्ता में मधुकांत पाठक, अजय मारू, रामेंद्र कुमार और आनंद कुमार भी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित