जगदलपुर , दिसंबर 24 -- "फिट युवा फॉर विकसित भारत" के संकल्प के साथ जगदलपुर के धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में दो दिवसीय सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ बुधवार को हुआ। जिला प्रशासन और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस आयोजन में बस्तर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बस्तर, नारायणपुर, कोण्डागांव, सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर जिलों के करीब 800 चयनित खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
जिला पीआरओ से मिली जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम का शुभारंभ बस्तर सांसद महेश कश्यप ने किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ बेवरेजेस कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी, महापौर संजय पांडेय, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर एवं खेल अधिकारी ऋषिकेश तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
24 और 25 दिसंबर तक आयोजित इस महोत्सव में खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, रस्साकसी, कुर्सी दौड़ तथा 100 और 400 मीटर एथलेटिक्स दौड़ जैसी स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं।
सांसद महेश कश्यप ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों का जीवन में विशेष महत्व है और खेल व्यक्ति में एकता व भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि 5 से 30 वर्ष की आयु खिलाड़ी के लिए स्वर्णिम समय होती है, जब वह अपने कौशल का सर्वोत्तम प्रदर्शन कर सकता है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि खेलों के माध्यम से उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास हुआ और जनसंपर्क मजबूत हुआ, जिसका लाभ उन्हें सार्वजनिक जीवन में मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित