चंडीगढ़ , अप्रैल 27 -- इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा सांसद कोटे से खरीदी गयी एंबुलेंस को सोमवार को लोक सेवा में समर्पित किया गया। एंबुलेंस को सांसद मनीष तिवारी ने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में झंडी दिखाकर रवाना किया।
श्री तिवारी ने कहा कि स्वास्थ्य आपातकाल के दौरान मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से उन्होंने अपने सांसद कोटे से करीब 23 लाख रुपये की राशि जारी की थी। उन्होंने बताया कि यह एंबुलेंस आधुनिक सुविधाओं से लैस है और कई कीमती जानें बचाने में सहायक साबित होंगी।
उन्होंने कहा कि शहर के सर्वांगीण विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं, चाहे बुनियादी सुविधाओं के लिए फंड जारी करना हो या प्रमुख जनसमस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष उठाना। उन्होंने भरोसा जताया कि यह कार्य आगे भी जारी रहेगा।
इस मौके पर उपायुक्त निशांत यादव, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर अमनदीप सिंह भट्टी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित