नयी दिल्ली , जनवरी 20 -- द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सांसद कनिमोझी ने संगीतकार एआर रहमान को भारतीय संस्कृति और मूल्यों का राजदूत बताते हुए उनका जोरदार समर्थन किया है।

उल्लेखनीय है कि श्री रहमान ने हाल ही में बीबीसी एशियन नेटवर्क को दिए एक साक्षात्कार में कहा था कि पिछले कुछ समय से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में उनके लिए काम धीमा हो गया है, जिसका कारण उन्होंने पिछले आठ वर्षाें में इंडस्ट्री की बदलती गतिशीलता को बताया। श्री रहमान की इन टिप्पणियों ने विवाद खड़ा कर दिया है।

सुश्री कनिमोझी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर लिखा, "मैं एआर रहमान के साथ खड़ी हूं। एक ऐसे संगीतकार को जानबूझकर निशाना बनाया गया है, जिनकी कला धर्म, भाषा और पहचान से परे है और भारत में सत्ता में बैठे लोगों की चौंकाने वाली चुप्पी बहुत परेशान करने वाली है।"उन्होंने ऑस्कर विजेता संगीतकार की सराहना करते हुए उन्हें भारतीय संगीत को दुनिया तक ले जाने का श्रेय दिया और उन्हें 'संस्कृति और भारतीय मूल्यों का राजदूत' कहा।

सुश्री कनिमोझी ने कहा, "रहमान एक ऐसे सर्जक और कलाकार हैं जिन्होंने इस देश के संगीत को न केवल दुनिया तक पहुंचाया बल्कि भारत की संस्कृति और भारतीय मूल्यों के सबसे बड़े राजदूत भी हैं। वह सम्मान और कृतज्ञता के हकदार हैं। भारत जैसे लोकतांत्रिक और बहुलवादी समाज में ऐसी असहिष्णुता की कोई जगह नहीं है।"वरिष्ठ लेखिका और स्तंभकार शोभा डे ने रहमान की टिप्पणियों की आलोचना करते हुए उन्हें 'बहुत खतरनाक' बताया। सुश्री डे ने जयपुर साहित्य महोत्सव 2026 में अपनी नयी किताब के एक सत्र में बोलते हुए कहा कि वह बॉलीवुड में धार्मिक पूर्वाग्रह के उनके दावों से असहमत हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित