भीलवाड़ा , अप्रैल 08 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले में बेलगाम अवैध बजरी खनन और सड़कों पर दौड़ते 'मौत के डंपरों' को लेकर अब जनप्रतिनिधियों का गुस्सा खुलकर सामने आने लगा है।
सांसद दामोदर अग्रवाल ने खनिज विभाग की कार्यशैली पर तीखा हमला बोलते हुए बजरी माफियाओं के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि खनिज विभाग का बजरी माफियाओं के प्रति 'नरम रवैया' अब आमजन की जान पर भारी पड़ रहा है। अवैध बजरी खनन और दोहन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कलेक्टर को निर्देश दिये कि प्रशासन, पुलिस और खनिज विभाग का संयुक्त दल गठित करके अवैध बजरी से जुड़े सभी ट्रैक्टर और डंपरों पर तुरंत शिकंजा कसा जाये।
उन्होंने कहा कि जिले की सड़कों पर अवैध बजरी के क्षमता से अधिक भरे वाहन खुलेआम मौत बनकर दौड़ रहे हैं। इन वाहनों की वजह से पिछले वर्षों में कई परिवार उजड़ चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक कठोर कार्रवाई करने में विफल रहा है। उन्होंने कहा कि बजरी माफिया सरेआम मौत का तांडव कर रहे हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
श्री अग्रवाल ने अवैध बजरी वाहनों की चपेट में आकर जान गंवाने वाले किशन सिंह, उदय सिंह, राकेश धाकड़, किशन हजूरी, भानुप्रताप और नारायण धोबी के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इन हादसों ने कई घरों के चिराग बुझा दिये। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अब प्रशासन को केवल कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि जमीनी सख्ती दिखानी होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित