सहारनपुर , अप्रैल 2 -- जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक पारदर्शिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सहारनपुर जिले में अब प्रत्येक विकास खंड की दो ग्राम पंचायतों में हर शुक्रवार ग्राम चौपाल आयोजित की जाएगी।

जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने इस संबंध में रोस्टर जारी किया है। उन्होंने बताया कि ग्राम चौपाल का आयोजन सुबह 11 बजे से किया जाएगा, जिसमें आम जनता की शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा।

सीडीओ ने बताया कि चौपाल के दौरान ग्राम्य विकास विभाग की योजनाओं और निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा। अप्रैल, मई और जून माह के लिए जारी रोस्टर के तहत अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि चौपाल से पहले संबंधित ग्राम पंचायत में स्वच्छता अभियान चलाया जाए और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

ग्राम चौपाल में मनरेगा भुगतान, स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियां, विद्युत सखी, बीसी सखी, लखपति महिला योजना, टीएचआर प्लांट, गौआश्रय स्थल, पंचायत भवन, सामुदायिक शौचालय, टीकाकरण, राशन वितरण, गैस कनेक्शन, हर घर नल योजना, आंगनबाड़ी और एएनएम केंद्रों का निरीक्षण किया जाएगा।

इसके अलावा आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि, प्राकृतिक एवं जैविक खेती और सुशासन जैसे विषयों पर चर्चा भी अनिवार्य रूप से की जाएगी। ग्राम चौपाल में लेखपाल और राजस्व निरीक्षक भी मौजूद रहेंगे, जो चकमार्ग और सार्वजनिक भूमि की पैमाइश करेंगे।

प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों के ग्राम स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य कर दी है, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित